
लोन दिलाने के नाम पर कथित ठगी, ग्रामीणों से हजारों रुपये वसूले
* कई पीड़ित पहुंचे कांधला थाने, बैंक खातों पर पेनल्टी लगने से बढ़ी परेशानी; पुलिस ने शुरू की जांच
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गुजरपुर में लोन दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। दर्जनों ग्रामीणों ने कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनसे सरकारी और निजी योजनाओं के तहत आसान लोन दिलाने का झांसा देकर हजारों रुपये वसूले गए, लेकिन न तो लोन स्वीकृत हुआ और न ही उनकी रकम वापस की गई।
पीड़ित नासिर राणा ने अन्य ग्रामीणों के साथ पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि कथित आरोपियों ने प्रत्येक व्यक्ति से 2,350 रुपये जमा कराए। लोगों को भरोसा दिलाया गया कि कुछ ही दिनों में उनके खातों में लोन की राशि पहुंच जाएगी। ग्रामीणों ने भरोसा कर पैसे जमा कर दिए, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी किसी को लोन नहीं मिला।
पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें टालमटोल किया गया। कुछ लोगों को कथित तौर पर फर्जी चेक भी दिए गए, जो बैंक में लगाने पर भुगतान योग्य नहीं निकले। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लोन नहीं मिलने के बावजूद उनके बैंक खातों पर पेनल्टी और अन्य शुल्क लगने शुरू हो गए हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि इस कथित धोखाधड़ी का शिकार गांव के कई परिवार हुए हैं और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई चाहते हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।
*इन्होने कहा*
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ितों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।