
गांव की तस्वीर बदलेगा ग्राम सचिवालय, 70 वर्षों बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। आखिरकार करीब 70 वर्षों का लंबा इंतज़ार समाप्त हो गया। कांधला देहात ग्राम पंचायत में ग्राम सचिवालय का निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। वर्षों से पंचायत में सचिवालय नहीं होने के कारण लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए ब्लॉक, तहसील और लेखपाल के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब एक ही परिसर में पंचायत से जुड़ी अधिकांश सुविधाएं उपलब्ध होने का रास्ता साफ हो गया है।
ग्राम पंचायत में सचिव और लेखपाल के बैठने की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी। ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं की जानकारी, राजस्व संबंधी कार्य और अन्य पंचायत सेवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी तथा लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
ग्राम प्रधान पति चमन सिद्दीकी ने बताया कि उनके कार्यकाल में पहली बार ग्राम सचिवालय का निर्माण शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि सचिवालय के अभाव में कई बार सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके आवास पर ही विशेष शिविर आयोजित करने पड़ते थे। अब सचिवालय बनने से यह व्यवस्था स्थायी रूप से एक स्थान पर उपलब्ध होगी।
ग्राम सचिवालय बनने के बाद सचिव, लेखपाल और अन्य पंचायत कर्मचारी एक ही परिसर में बैठकर कार्य करेंगे। इससे ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय, निवास, जाति, पेंशन, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा अन्य पंचायत संबंधी कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सकेगा।
निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने इसे गांव के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। लोगों का कहना है कि दशकों से लंबित यह मांग पूरी होने से अब सरकारी काम आसान होंगे और गांव की प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक मजबूत बनेगी।
ग्रामीणों की जुबानी: “अब उम्मीद है कि सरकारी काम के लिए बार-बार भटकना नहीं पड़ेगा। ग्राम सचिवालय बनने से गांव को बड़ी सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।”