मोबाइल हैक, बैंक खाता खाली..साइबर ठगों का खतरनाक खेल

 

* अज्ञात लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हुआ हैक, पांच ट्रांजैक्शन में साइबर ठगों ने साफ की जीवनभर की कमाई

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। साइबर अपराधियों ने एक बार फिर अपनी शातिर चाल से एक मोबाइल दुकानदार को लाखों रुपये की चपत लगा दी। अज्ञात लिंक पर क्लिक करते ही दुकानदार का मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही मिनटों में साइबर ठगों ने पांच अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए उसके बैंक खाते से ₹3 लाख 38 हजार निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित के होश उड़ गए और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बुढ़ाना रोड निवासी अखिलेश बंसल, जो कांधला कस्बे में मोबाइल की दुकान संचालित करते हैं, के मोबाइल पर शनिवार को एक अज्ञात लिंक आया। सामान्य संदेश समझकर जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल साइबर ठगों के नियंत्रण में चला गया। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक से लगातार ट्रांजैक्शन के संदेश आने लगे। जब तक वह कुछ समझ पाते, खाते से ₹3.38 लाख की पूरी रकम साफ हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक से संपर्क कर अपना खाता ब्लॉक कराया, ताकि आगे कोई और लेन-देन न हो सके। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर सेल तथा कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की।

कोतवाली प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मोबाइल की आईडी, कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

error: Content is protected !!