
मामूली कहासुनी के बाद सिर फोड़ा, युवक की हालत गंभीर
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक के सिर पर गहरी चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसे पहले कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव गंगेरू निवासी वसीम पुत्र जादू ने बताया कि मामूली विवाद के बाद दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर ने वसीम के सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. रवि वर्मा ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर में गहरी चोट आई है, जिस पर पांच से छह टांके लगाए गए। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल शामली भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कांधला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि घायल युवक की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।