
भाजपा की विशेष बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, जन-जन तक पहुंचेंगी योजनाएं
* भाजपा ने बूथ से संगठन मजबूत करने का भरा दम, शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक में बनी आगामी रणनीति
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।भारतीय जनता पार्टी मंडल कार्यालय पर आयोजित शक्ति केंद्र संयोजकों, शक्ति केंद्र संयोजक प्रभारियों एवं मंडल पदाधिकारियों की विशेष बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल प्रभारी शक्ति सिंगल उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन ने की। अपने संबोधन में शक्ति सिंगल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर खड़ा विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी की नीतियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाकर जनता के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि सरकार की उपलब्धियों की सही जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सके।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करे और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करे। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, शक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने, बूथ समितियों को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे।
इस अवसर पर राजेंद्र वर्मा, प्रदीप शर्मा, रवि नामदेव, दीपक गुप्ता, वीरेंद्र जैन, संजय तिवारी, डॉ. रामकुमार शर्मा, घनश्याम सैनी, राजेंद्र सिंह, सादिक, सतबीर, कृष्णपाल स्वामी, देवीचंद, अमित जैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन अशोक चौहान ने किया।