चलती ई-रिक्शा बनी आग का गोला, यात्रियों में मची चीख-पुकार, कूदकर बचाई जान

 

* बिजली घर के पास अचानक धधकी ई-रिक्शा, एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग, देखते ही देखते राख बनी गाड़ी

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली घर मार्ग पर चलती ई-रिक्शा अचानक आग का गोला बन गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही सेकंड में पूरी ई-रिक्शा धू-धू कर जलने लगी। ई-रिक्शा में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और जान बचाने के लिए सभी चलती गाड़ी से कूद पड़े। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस्लामपुर घसौली निवासी सोनू पुत्र हुकुम सिंह कांधला से सवारियां लेकर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही उसकी ई-रिक्शा बिजली घर के पास पहुंची, अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यात्रियों ने समय रहते ई-रिक्शा से छलांग नहीं लगाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या बैटरी में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!