
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कांधला पहुंचे देवेंद्र चौधरी, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी के पहली बार कांधला आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली बस स्टैंड पर फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपने दौरे के दौरान देवेंद्र चौधरी ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित रहा तथा उनके आदर्श आज भी देश के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने किसानों की सेवा और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए देवेंद्र चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है और यही उसकी सबसे बड़ी पहचान है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर भाजपा को और मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और सभी के सहयोग से पार्टी नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने राष्ट्रहित, किसान हित और संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आगामी कार्यक्रमों में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुटने का भी आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर अमित चौहान (पूर्व क्षेत्रीय मंत्री किसान मोर्चा), अरविंद चौधरी (पूर्व जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा), हरिमोहन चौहान ‘मोनू’ (जिला मंत्री ओबीसी मोर्चा), कृष्ण चौहान (मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा), डॉ. रश्मिकांत जैन (मंडल अध्यक्ष कांधला), नेत्रपाल चौहान (मंडल अध्यक्ष कंडेला), संजय पंवार, संदीप सैनी, नौसाद मालिक, सुनील पंचाल, रजाउलाहा खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।