
रातभर सोता रहा इलाका चोर उड़ाकर ले गए नकदी और हजारों का सामान
* रात के अंधेरे में वारदात को दिया अंजाम, सुबह दुकान पहुंचा व्यापारी तो उड़ गए होश, पुलिस जांच में जुटी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बुढ़ाना बस अड्डे स्थित एक परचून की दुकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान का ताला तोड़कर नकदी और हजारों रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी ने जब टूटा हुआ ताला और बिखरा सामान देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी अशोक जैन की बुढ़ाना बस अड्डे पर परचून की दुकान है, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनिवार सुबह जब वह रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी के साथ हजारों रुपये का सामान गायब था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित व्यापारी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कारोबारियों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
*इन्होने कहा*
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।