
कहासुनी से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, गंगेरू में कई घायल
* गंगेरू में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला, कई घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में शनिवार को पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, वहीं धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल होने से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी वसी हैदर और इस्ताखार पक्ष के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। शनिवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र होकर हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे बरसे और धारदार हथियार भी चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। संघर्ष के दौरान गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को अलग किया और हालात पर काबू पाया। घायल रजब अली और अमीर मोहम्मद, जो वसी हैदर पक्ष के बताए जा रहे हैं, को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमारका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
——————-