दिनदहाड़े चोरी की कोशिश नाकाम शोर मचते ही धरा गया आरोपी

 

* घर में घुसा नकदी लेकर भागने वाला युवक, लोगों ने दौड़ाकर दबोचा

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान में दिनदहाड़े चोरी की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। घर में घुसकर नकदी लेकर भागने का प्रयास कर रहे एक युवक को मकान मालिक की सतर्कता और मोहल्ले के लोगों की मुस्तैदी के चलते मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने चली गई।

पीड़ित अकरम ने बताया कि वह अपने घर में चारपाई पर लेटा हुआ था। इसी दौरान उसे घर के अंदर किसी के होने की आहट सुनाई दी। जब उसने उठकर देखा तो एक युवक घर में रखी करीब सात हजार रुपये की नकदी लेकर बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था। यह देखते ही अकरम ने जोर-जोर से शोर मचा दिया।

अकरम की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और भागने का प्रयास कर रहे युवक को घेरकर पकड़ लिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहसिन निवासी मोहल्ला मुस्तफाबाद, कांधला बताया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसका संबंध पहले हुई चोरी की घटनाओं से तो नहीं है।

पीड़ित अकरम ने आरोपी के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते युवक को नहीं पकड़ा जाता तो वह नकदी लेकर आसानी से फरार हो जाता। लोगों ने पुलिस से रात्रि और दिन दोनों समय गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।

error: Content is protected !!