ईंट भट्ठे पर बवाल! प्रदूषण से परेशान ग्रामीणों ने लाइसेंस निरस्त करने की उठाई मांग
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में संचालित एक ईंट भट्ठे को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मुजफ्फरनगर को शिकायत भेजकर मैसर्स अश्वनी पंवार ब्रिक फील्ड का लाइसेंस तत्काल निरस्त करने और नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं में जगपाल, यशवीर सिंह, नागेंद्र, वीरेंद्र, सुदेश देवी सहित अनेक ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ईंट भट्ठा उत्तर प्रदेश शासन और पर्यावरण संबंधी निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए संचालित किया जा रहा है। उनका कहना है कि शासन के नियमों के अनुसार नगर पंचायत की सीमा से निर्धारित दूरी पर ही ईंट भट्ठा स्थापित किया जा सकता है, जबकि संबंधित भट्ठा नगर पंचायत एलम से करीब 1.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जो मानकों के अनुरूप नहीं बताया जा रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि भट्ठे से निकलने वाला धुआं और प्रदूषण आसपास की बड़ी आबादी के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
शिकायतकर्ताओं ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाए तो संबंधित ईंट भट्ठे का लाइसेंस निरस्त करते हुए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल शिकायत के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की निगाहें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।