
जेल में बंद युवक की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
* मुजफ्फरनगर जेल में बंद युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप! परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, गांव में पसरा मातम
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खेडाकुरतान निवासी युवक की मुजफ्फरनगर जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोग तुरंत मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। वहीं मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर युवक के साथ मारपीट किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव खेडाकुरतान निवासी आदिल की शादी कांधला कस्बे की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद उसका अपनी ससुराल में लगातार आना-जाना था। बताया जाता है कि 4 मई को आदिल अपनी नाबालिग साली को साथ लेकर चला गया था। दोनों के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया और काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
करीब डेढ़ महीने बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आदिल के खिलाफ नाबालिग साली को भगाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया। मेडिकल परीक्षण में किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी कर दी।
बताया गया कि 20 जून को आदिल ने कैराना न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरनगर जेल भेज दिया गया था। शुक्रवार को अचानक जेल प्रशासन की ओर से सूचना मिली कि आदिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जेल के भीतर आदिल के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। हालांकि, अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
अब इस मामले में सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सके कि युवक की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।