किसान की मेहनत पर चोरों की नजर, घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी
* शिवाला मार्ग पर चोरों का आतंक! किसान के ट्रैक्टर से बैटरी चोरी, पुलिस जांच में जुटी
कांधला। कस्बे के शिवाला मार्ग मुस्तफाबाद में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने एक किसान के ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई और बैटरी बरामद करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान शाहरुख के चाचा साजिद ने बताया कि उनका ट्रैक्टर घर के बाहर शिवाला मार्ग पर खड़ा था। रात के समय अज्ञात चोर ट्रैक्टर से बैटरी निकालकर फरार हो गए। सुबह जब साजिद खेत जाने के लिए ट्रैक्टर स्टार्ट करने पहुंचे तो ट्रैक्टर चालू नहीं हुआ। शक होने पर उन्होंने ट्रैक्टर की जांच की, तो बैटरी गायब मिली।
बैटरी चोरी होने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद पीड़ित शाहरुख ने कांधला थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में चिंता बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और मशीनरी भी अब सुरक्षित नहीं हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में अपनी कृषि मशीनरी की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गई बैटरी बरामद कर ली जाएगी