
गाली गलौज से शुरू हुआ विवाद ईंट पत्थर चलने से मचा हड़कंप
* हाजीपुर दुगड्डा में मामूली कहासुनी बनी खूनी संघर्ष का कारण, महिलाओं पर बरसीं ईंटें, तीन घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर दुगड्डा में एक मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप धारण कर लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान महिलाओं पर भी हमला किया गया, जिसमें तीन महिलाएं घायल हो गईं, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से इंतजार की पत्नी इमराना घायल हो गईं, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से नाजमा तथा आदिल की पत्नी इकबाल जहां को चोटें आईं। मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर चलने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद इकबाल जहां की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना को लेकर इरफान ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की महिला द्वारा गाली-गलौज की जा रही थी। जब इसका विरोध किया गया तो दूसरे पक्ष की महिलाओं ने अचानक हमला कर दिया और ईंट चला दी। आरोप है कि इसी दौरान इकबाल जहां के सिर में ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मारपीट की इस घटना के बाद दोनों पक्ष मेडिकल परीक्षण कराने के बाद कांधला थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।