
दिन के उजाले में चोरी की वारदात, सतर्क लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया
* कांधला में चोरों के बुलंद हौसले! दिनदहाड़े एसी के तार और कॉपर पाइप काट रहा युवक धराया, लोगों ने घेरकर पुलिस को सौंपा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालत यह है कि अब बदमाशों ने रात का इंतजार करना भी छोड़ दिया है और दिनदहाड़े ही चोरी की वारदातों को अंजाम देने का दुस्साहस कर रहे हैं। गुरुवार दोपहर उस समय इलाके में सनसनी फैल गई जब एक युवक मकानों में लगे एसी के महंगे कॉपर पाइप और बिजली के तार काटते हुए लोगों के हत्थे चढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बड़ी सफाई से एसी के तार और पाइप काट रहा था, मानो उसे किसी का डर ही न हो। लेकिन उसकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। मोहल्ला निवासी अक्षत जैन पुत्र पप्पू जैन और राहुल जैन पुत्र दीपक जैन समेत कई लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। लोगों ने तुरंत निगरानी शुरू की और कुछ ही देर में युवक को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एसी के कटे हुए तार, कॉपर पाइप और चोरी में इस्तेमाल किया जाने वाला प्लास बरामद हुआ। युवक के पकड़े जाने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में लगातार बढ़ रही चोरियों को लेकर जबरदस्त नाराजगी देखने को मिली।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने बरामद सामान भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद चोरों के हौसले कम नहीं हो रहे। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
मोहल्लावासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों की नियमित जांच हो और चोरी की घटनाओं में शामिल बदमाशों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। लोगों का कहना है कि अब चोरों के बढ़ते दुस्साहस पर लगाम लगाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।