
तेज रफ्तार ने मचाई तबाही: दरोगा की कार में भीषण टक्कर, चालक मौके से फरार
* कांधला में तेज रफ्तार कार का कहर: दरोगा की I20 में मारी भीषण टक्कर, दो मासूम समेत तीन घायल, चालक फरार
कांधला। कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी दरोगा ओमकार पांडे की I20 कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय दरोगा ओमकार पांडे अपने सहयोगी दरोगा सुनील दत्त के साथ राजू जलेबी वाले की दुकान के पास कार में बैठे हुए थे। अचानक तेज रफ्तार से आई अज्ञात कार ने उनकी I20 को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में दरोगा सुनील दत्त के अलावा मौके पर मौजूद छोटन का 10 वर्षीय पुत्र जीशान और अरशद का 9 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों मासूम बच्चों सहित सभी घायलों का उपचार जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मोहल्ले में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।