
तेज रफ्तार का कहर: दूसरी बाइक को बचाने में खाई में गिरी बाइक, युवक गंभीर
* तेज रफ्तार का कहर: दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में खाई में गिरी बाइक, युवक की हालत गंभीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। गांव खंद्रावली के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार एलम मोहल्ला जवाहर नगर निवासी जमील अहमद का पुत्र गुलफाम किसी जरूरी काम से बाइक पर सवार होकर शामली जा रहा था। जैसे ही वह गांव खंद्रावली के पास पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बाइक सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी और गुलफाम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सीने सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को संभाला और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट कमल कुमार मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार किया।
डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के सीने में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक होने के कारण बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया है।
इस हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।