
तेज रफ्तार डीसीएम का कहर! भट्टा मजदूर को रौंदकर चालक फरार, हालत नाजुक
सादिक सिद्दीकी |
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भभीसा के पास सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक बेकाबू डीसीएम ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घायल की पहचान मुजफ्फरनगर के हरासली निवासी वीर मोहम्मद के पुत्र नसीम के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस के पायलट प्रवेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर घायल को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नसीम की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार घायल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक नसीम शाहपुर क्षेत्र स्थित एट ईट भट्टे पर मजदूरी करता है। वह किसी जरूरी काम से कांधला आया था और वापस अपने कार्यस्थल लौट रहा था। इसी दौरान भभीसा गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम उसकी बाइक पर मौत बनकर टूट पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने की बजाय फरार होना ही बेहतर समझा। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं, इस मामले में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि अभी तक घायल पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।