साइबर ठगों से परेशान युवक की आत्महत्या मामले में न्याय की गुहार, पिता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर में साइबर ठगी और कथित मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में दो माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। मृतक के पिता ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार गांव मलकपुर निवासी इस्लाम के 30 वर्षीय पुत्र बिल्लू ने करीब दो माह पूर्व साइबर ठगों की प्रताड़ना और आर्थिक नुकसान से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया था।

परिजनों का आरोप है कि साइबर ठगों ने युवक से लाखों रुपये की ठगी की थी, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में आ गया था। युवक की मौत के बाद उसके मोबाइल फोन की जांच में भी साइबर ठगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए थे।

घटना के बाद मृतक के पिता इस्लाम ने थाना कांधला में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन परिजनों का कहना है कि दो माह बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस कार्रवाई से निराश पीड़ित पिता ने अब मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने से ही उनके बेटे को न्याय मिल सकेगा और भविष्य में इस तरह की साइबर घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

error: Content is protected !!