अवैध संबंध के शक में पत्नी से मारपीट, तलाक देकर घर से निकालने का आरोप

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भारसी में एक विवाहिता ने अपने पति पर मारपीट कर घर से निकालने और तलाक देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

गांव भारसी निवासी तैय्यबा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब 14 वर्ष पूर्व गांव निवासी अनीश के साथ हुई थी। दंपति के चार बच्चे हैं। पीड़िता का आरोप है कि पिछले कुछ समय से उसका पति उस पर अवैध संबंध होने का शक करता था, जिसके चलते आए दिन दोनों के बीच विवाद और कहासुनी होती रहती थी।

 

महिला का आरोप है कि रविवार को इसी बात को लेकर पति ने उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद उसने अपने मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन उसके साथ थाने पहुंचे और आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी।

 

पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

error: Content is protected !!