पुरानी रंजिश में युवक को ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप, मेरठ में जिंदगी और मौत से जूझ रहा घायल

चार युवकों पर जानलेवा हमले का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव किवाना में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। एक युवक को कथित रूप से ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित पक्ष की ओर से घायल युवक की बहन पिंकी पुत्री काला ने थाना कांधला में तहरीर देकर चार युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10:50 बजे सूचना मिली कि उसका भाई प्रदीप पुत्र काला मंदिर के पास गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।

परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे तो प्रदीप के सिर और पैर से काफी खून बह रहा था। उसे पहले गांव के एक चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर बड़ौत के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने सिर की हड्डी में गंभीर चोट होने की बात कहते हुए उसे मेरठ के अस्पताल भेज दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके भाई के साथ गए सुनील पुत्र सतीश, दीपक पुत्र जगमेर, ऋतिक पुत्र ब्रह्मपाल और गौतम पुत्र बिट्टू ने पुरानी रंजिश के चलते प्रदीप को पहले ट्रैक्टर से टक्कर मारी और फिर जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर से ट्रैक्टर उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल युवक को देखकर उसके परिजनों को सूचना दी।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!