
ड्यूटी से घर लौट रहे सुपरवाइजर सड़क हादसे का हुए शिकार,
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव जसाला में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जसाला पेट्रोल पंप के निकट एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार सुपरवाइजर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार संतुलन खोकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घायल की पहचान राजेश कुमार पुत्र सतपाल निवासी जनपद शामली के रूप में हुई है। राजेश बागपत स्थित रमाला गन्ना मिल के विकास परिसर विभाग में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जसाला पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की सहायता से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, घायल की हालत गंभीर
जसाला क्षेत्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
वहीं वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जाँच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.