भाभी पर उत्पीड़न के आरोप, पुलिस से निराश महिला पहुंची मुख्यमंत्री पोर्टल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। जन्नत कॉलोनी में घरेलू विवाद अब प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच गया है। एक महिला ने अपनी भाभी और उसके परिजनों पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

जन्नत कॉलोनी निवासी रुबीना पुत्री हमीद का आरोप है कि उसकी भाभी आए दिन घर में विवाद खड़ा कर माहौल खराब करती है। मामूली बातों पर कहासुनी के बाद मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच जाता है। रुबीना का कहना है कि जब उसकी मां बीच-बचाव करती हैं तो उन्हें भी नहीं बख्शा जाता और भाभी अपने परिजनों को बुलाकर दबाव बनाने का प्रयास करती है।

पीड़िता के अनुसार, परिवार को लगातार घर से निकालने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे घर का माहौल भय और तनाव में बदल गया है। आरोप है कि कई बार स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उसे उच्च स्तर पर शिकायत करने को मजबूर होना पड़ा।

न्याय की उम्मीद में रुबीना ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत दर्ज होने के बाद अब मामला प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया है।

पुलिस चौखट से मायूस होकर मुख्यमंत्री दरबार पहुंची पीड़िता का सवाल है आखिर कब मिलेगी उसे राहत और कब थमेगा घर के अंदर चल रहा यह विवाद? अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!