
ताला तोड़कर गल्ला साफ, पुलिस को खुली चुनौती देकर फरार हुए चोर
सादिक सिद्दीकी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में चोरों ने देर रात ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ बदमाशों ने परचून की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी, कोल्ड ड्रिंक की पेटियां और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी।
गांव निवासी अरशद उर्फ भूरा की परचून की दुकान चोरों के निशाने पर रही। बताया जाता है कि गुरुवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात के अंधेरे में चोर दुकान तक पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने दुकान को पूरी तरह खंगाल डाला। गल्ले में रखी करीब सात हजार रुपये की नकदी, कोल्ड ड्रिंक की दो पेटियां और अन्य सामान समेटकर चोर मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो टूटा हुआ ताला, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उसके होश उड़ गए। कुछ ही देर में चोरी की खबर पूरे गांव में फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे आबादी के बीच स्थित दुकानों को भी निशाना बनाने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि रात में पर्याप्त गश्त न होने के कारण चोरों को वारदात अंजाम देने का खुला मौका मिल रहा है।
सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि फुटेज से चोरों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।
एक ओर दुकानदार की मेहनत की कमाई पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया, वहीं दूसरी ओर गांव में दहशत का माहौल है। सवाल यह है कि आखिर रात के सन्नाटे में ताला तोड़कर गल्ला साफ करने वाले ये शातिर चोर कब तक पुलिस की आंखों में धूल झोंकते रहेंगे? अब पूरे गांव की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
—————