देवर-ननद और भांजे पर गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब एक विवाहित महिला ने अपने देवर, ननद और भांजे पर मारपीट करने तथा गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मोहल्ला ज्वाहर नगर बड़ी मस्जिद के पास निवासी रेशमा पत्नी मोहम्मद हुसैन ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका पति रोजगार के सिलसिले में हरियाणा के गुड़गांव गया हुआ था और वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि गुरुवार शाम करीब सात बजे उसका देवर गुलफाम, ननद शाहिरां और उनका पुत्र समीर उसके घर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार पहले आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसका गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया गया। महिला ने किसी तरह खुद को बचाया और बाद में पुलिस से शिकायत की।
रेशमा का कहना है कि इससे पहले भी उसके साथ कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन परिवार की इज्जत और रिश्तों को बचाने के लिए वह चुप रही। अब दोबारा हुई घटना के बाद उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरक्षक सतीश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
———