सच दबेगा या कार्रवाई होगी युवक के दूसरे वीडियो के बाद हर तरफ चर्चा

 

* कांधला में युवक के दूसरे वायरल वीडियो ने मचाया भूचाल, पुलिस पर लगे संगीन आरोपों से गरमाई सियासत

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला इन दिनों वायरल वीडियो और पुलिस पर लग रहे गंभीर आरोपों को लेकर उबाल पर है। मोहल्ला खेल निवासी युवक आरिफ पुत्र लतीफ ने 24 घंटे के भीतर दूसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर ऐसा धमाका किया है, जिसने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। वीडियो में युवक रोते और गुस्से में नजर आ रहा है। उसने पुलिस पर आरोप लगाया कि पहले उसे थाने में घंटों अवैध रूप से बैठाकर रखा गया, फिर छोड़ने के नाम पर उससे 16 हजार रुपये वसूल लिए गए। इतना ही नहीं, युवक ने कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अपराधियों जैसा व्यवहार करने तक के आरोप लगाए हैं।

अब मामला सिर्फ आरोपों तक सीमित नहीं रहा। युवक ने खुलेआम चेतावनी दे डाली है कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह शामली स्थित एसपी कार्यालय के सामने आत्महत्या कर लेगा। इस चेतावनी के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

आरिफ ने एडीजी मेरठ और एसपी शामली को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि शुक्रवार को मोहल्ला खेल में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। घटना के बाद वह सरकारी अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां भी दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। युवक का आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित की मदद करने के बजाय उसे ही उठा लिया और थाने में बैठाकर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अब आग की तरह फैल रहा है। चौराहों, बाजारों और चाय की दुकानों पर लोग सिर्फ इसी मामले की चर्चा कर रहे हैं। कई लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं तो कई लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर युवक लगातार वीडियो जारी कर इतने गंभीर आरोप क्यों लगा रहा है? अगर आरोप झूठे हैं तो पुलिस सामने आकर सफाई क्यों नहीं दे रही? और अगर आरोपों में सच्चाई है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?

फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला अब अधिकारियों की चौखट तक पहुंच चुका है। चर्चा है कि शिकायत के बाद पूरे प्रकरण की जांच कराई जा सकती है। उधर युवक की आत्महत्या की चेतावनी ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!