
“शिकायतों पर नहीं जागा प्रशासन, तो ‘खिदमत ए आवाम ग्रुप’ ने खुद संभाली जिम्मेदारी”
* मक्का मस्जिद में महीनों से ठप थी पानी व्यवस्था, नमाजियों को हो रही थी भारी परेशानी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला मौलानान स्थित मक्का मस्जिद में लंबे समय से पानी की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई थी। मस्जिद में लगे नल खराब पड़े थे, जिसके चलते नमाज अदा करने आने वाले लोगों को वुजू करने तक के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। भीषण गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ने हालात और भी खराब कर दिए थे। मस्जिद आने वाले बुजुर्ग, बच्चे और अन्य नमाजी रोजाना इस परेशानी से जूझ रहे थे, लेकिन जिम्मेदार विभाग लगातार आंखें मूंदे बैठा रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मस्जिद में पानी की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या जस की तस बनी रही और किसी ने मौके पर पहुंचकर समाधान कराने की जरूरत तक नहीं समझी। प्रशासनिक लापरवाही से परेशान होकर आखिरकार मोहल्ला मौलानान का सामाजिक संगठन “खिदमत ए आवाम ग्रुप” आगे आया और खुद जिम्मेदारी संभाली।
सामाजिक संगठन के सदस्यों ने मस्जिद पहुंचकर खराब पड़े नलों की मरम्मत कराई और पानी की व्यवस्था को दोबारा सुचारु कराया। पानी आने के बाद नमाजियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। मस्जिद में मौजूद लोगों ने संगठन के इस कार्य की जमकर सराहना की और कहा कि जब जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में पीछे हट जाएं, तब समाजसेवी संगठन ही जनता की उम्मीद बनते हैं।
ग्रुप के अध्यक्ष तहरीम सिद्दीक़ी ने बताया कि मस्जिद की पानी समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि मस्जिद में आने वाले लोगों को रोजाना परेशान होते देख ग्रुप ने खुद आगे बढ़कर नल सही कराने का निर्णय लिया। उनका कहना था कि समाज की समस्याओं को दूर करना ही संगठन का उद्देश्य है और भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की मदद जारी रहेगी।
मोहल्ले के लोगों ने “खिदमत ए आवाम ग्रुप” के इस कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि संगठन लगातार सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को भी ऐसे मामलों में गंभीरता दिखानी चाहिए ताकि धार्मिक स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को परेशान न होना पड़े।
इस दौरान तहरीम सिद्दीक़ी वसीम सिद्दीक़ी रिहान सिद्दीक़ी आदि लोग मौजूद रहे