
धारदार हथियार से युवक पर जानलेवा वार, इलाके में मचा हड़कंप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे की नई बस्ती मुस्तफाबाद में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक युवती भी चोटिल हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार नई बस्ती मुस्तफाबाद निवासी आसीफ पुत्र रसीद पर कुछ युवकों ने पहले बेल्ट से मारपीट की। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपी वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद करीब 10 युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और आसीफ पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसीफ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक युवती भी घायल हो गई। परिजनों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आसीफ की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया। वहीं युवती को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घायल आसीफ के चाचा वकील ने बताया कि उन्होंने दिल्ली से आम की एक गाड़ी मंगवाई थी, जो घर के पास खड़ी थी। इसी दौरान कुछ युवक मौके पर पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।
थानाध्यक्ष का वर्जन
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।