
“थाने में डील पुलिस पर युवक ने लगाए गंभीर आरोप मुख्यमंत्री व डीजीपी से शिकायत
* “थाने में बंद किया… फिर 16 हजार लेकर छोड़ा?” युवक के वायरल वीडियो ने मचाया बवाल
कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल में हुई मामूली मारपीट का मामला अब पुलिस पर लगे गंभीर आरोपों के चलते हाईवोल्टेज विवाद में बदल गया है। मोहल्ला निवासी आरिफ कुरैशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कांधला पुलिस पर पीड़ित युवक को थाने में अवैध रूप से बैठाने और मोटी रकम लेकर छोड़ने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।आरिफ कुरैशी का कहना है कि शुक्रवार को मोहल्ले में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर पुलिस पीड़ित पक्ष के युवक को थाने उठा लाई और देर रात तक उसे थाने में बैठाए रखा। वायरल वीडियो में आरिफ ने दावा किया कि युवक को छोड़ने के बदले करीब 16 हजार रुपये लिए गए।
वीडियो में आरिफ ने थाने के एक सिपाही समेत कई पुलिसकर्मियों पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि “अगर पैसे नहीं लिए गए तो युवक को घंटों थाने में क्यों रोका गया?” आरिफ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के डीजीपी को शिकायत भेजने की बात कही है।वीडियो वायरल होते ही कस्बे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग अब खुलेआम पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। ऐसे में वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों ने पूरे मामले को और ज्यादा रहस्यमय और चर्चित बना दिया है।