ईद की खुशियां मातम में बदली: गांव लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक ईद का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गांव गढ़ी दौलत निवासी बिलाल पुत्र ताहिर नारायणगढ़ में केला बेचने का काम करता था। बताया गया है कि वह ईद मनाने के लिए अपने गांव वापस आ रहा था। जैसे ही वह शामली-कांधला मार्ग पर पहुंचा, तभी उसकी बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बिलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बाइक का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।

युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। ईद से पहले हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!