
खर्च मांगने पर महिला से मारपीट, पति पर गंभीर आरोप
कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल में घरेलू विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर घरेलू खर्च न देने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना कांधला में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महिला का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से घर के खर्च के लिए पैसे नहीं देता और अपनी जिम्मेदारियों से बचता है। जब भी वह घर खर्च के लिए रुपए मांगती है, आरोपी पति उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करता है।
पीड़िता के मुताबिक हाल ही में विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद महिला ने खुद को असहाय बताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
थाना कांधला पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरक्षण सतीश कुमार ने पुष्टि की है पीड़ित की तहरीर मिली है उन्होंने बताया की पुलिस जाँच मे जुडी हुई है और पीड़ित को न्याय दिलाने की हर संभव मदद की जाएगी