
नालों से निकली गंदगी के ढेर, जलभराव रोकने को पालिका ने संभाली कमान
कांधला। बरसात के मौसम को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने कस्बे में जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है।नगर पालिका की टीम ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से कुम्हारों वाली मस्जिद तक बड़े स्तर पर नाला सफाई कार्य कराया। सफाई अभियान के दौरान नालों में जमा भारी मात्रा में सिल्ट, प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और गंदगी को बाहर निकाला गया।
कई महीनों से नालों की ठीक ढंग से सफाई न होने के कारण क्षेत्र में पानी निकासी प्रभावित हो रही थी। हल्की बारिश में भी सड़कों और गलियों में जलभराव की स्थिति बन जाती थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नगर पालिका द्वारा चलाए गए इस अभियान के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की और पालिका प्रशासन के प्रयास की सराहना की।
सफाई कार्य के दौरान पालिका कर्मचारियों ने मशीनों और सफाई उपकरणों की मदद से नाले की गहराई तक जमा गाद को बाहर निकाला। निकाली गई गंदगी के ढेर को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर हटवाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में नालों में रुकावट न रहने पाए, ताकि बरसात के दिनों में पानी का बहाव सुचारु बना रहे।
पालिका प्रशासन ने बताया कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने के लिए लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य वार्डों और मुख्य मार्गों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाकर नालों की सफाई कराई जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वह नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न डालें तथा नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।