
आवारा कुत्तों का आतंक! मासूम बच्ची समेत दो पर हमला, लोगों में दहशत
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में कस्बे के मोहल्ला खेल और गांव किंवाना में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में एक मासूम बच्ची समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
जानकारी के अनुसार गांव किंवाना निवासी इरफान की आठ वर्षीय बेटी सुहाना ईंट भट्टे पर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से बचाया।
वहीं दूसरी घटना कस्बे के मोहल्ला खेल में सामने आई, जहां निवासी अजय अपनी चाट की दुकान पर काम के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार कर दिया गया है और उन्हें आवश्यक एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। साथ ही लोगों को आवारा जानवरों से सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।
इन घटनाओं के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कस्बे में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन नगर पंचायत और प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
*इन्होने कहा*
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अभियान की गति और तेज कर जल्द ही समस्या पर नियंत्रण पाया जाएगा।