
ई-रिक्शा चालक से मारपीट मामले में कई लोगों पर हमला करने का आरोप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में एक ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बड़ी नहर पुल के पास हुई इस घटना में पीड़ित ने कई लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार पीड़ित की पहचान इदरीश बेग उर्फ मोइन, निवासी बिहार, के रूप में हुई है, जो कांधला कस्बे में ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। मोइन ने बताया कि वह अपने ई-रिक्शा से घर से बस अड्डे की ओर जा रहा था। इसी दौरान बड़ी नहर पुल के पास उसके ई-रिक्शा की एक व्यक्ति से हल्की साइड टक्कर हो गई।
आरोप है कि मामूली टक्कर के बाद उक्त व्यक्ति आग-बबूला हो गया और उसने अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर मोइन के साथ जमकर मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा, जबकि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
पीड़ित मोइन ने बताया कि मारपीट में उसे चोटें आई हैं और घटना के बाद उसने अपने परिजनों को सूचना दी। बाद में वह अपने पिता के साथ कांधला थाने पहुंचा, जहां उसने कई अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
*इन्होने कहा*
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।