
जिंदा महिला को कागजों में किया मृत, एक साल से बंद पड़ी वृद्धा पेंशन
* ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप, पीड़िता ने एसडीएम कैराना से लगाई न्याय की गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही और स्थानीय राजनीति का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव इस्लामपुर घसौली ब्लॉक कांधला निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसे कागजों में मृत घोषित कर उसकी वृद्धा पेंशन बंद करा दी गई, जबकि वह जीवित है और दर-दर भटकने को मजबूर है।
पीड़िता उमर निशा पत्नी इलियास ने उपजिलाधिकारी कैराना को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी वृद्धा पेंशन इंडियन बैंक शाखा कांधला के खाते में आती थी, लेकिन पिछले करीब एक वर्ष से पेंशन नहीं मिली। महिला का आरोप है कि गांव की पार्टीबाजी और रंजिश के चलते ग्राम प्रधान द्वारा उसे मृत दर्शाकर उसकी पेंशन कटवा दी गई।
महिला ने कहा कि वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन अभी तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। वृद्धा पेंशन बंद होने से उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़िता ने एसडीएम से मांग करते हुए उसकी पेंशन दोबारा शुरू कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।