व्यापारियों के उत्पीड़न पर फूटा गुस्सा, बोले- अब नहीं होगी अनदेखी

 

* छोटे व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर कांधला में व्यापारियों की बड़ी बैठक आयोजित, जल्द होगी विशाल जनसभा

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के गांधी चौक स्थित जैन स्थानक के आनंद हॉल में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें छोटे व्यापारियों की समस्याओं, उनके समाधान और व्यापारियों को एक मजबूत मंच देने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से केंद्रीय उद्योग व्यापार मंडल के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया। व्यापारियों ने कहा कि अब उनकी समस्याओं का समाधान दिल्ली स्तर से कराया जाएगा तथा जल्द ही एक विशाल जनसभा आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए व्यापारी नेता सचिन गोयल ने कहा कि छोटे व्यापारी लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की प्रभावी स्तर पर सुनवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि शामली जनपद से उत्तर प्रदेश की राजधानी की दूरी काफी अधिक है, जबकि दिल्ली और उत्तराखंड अपेक्षाकृत नजदीक होने के बावजूद व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी आवाज को मजबूत मंच देने के उद्देश्य से केंद्रीय उद्योग व्यापार मंडल के गठन का निर्णय लिया गया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी व्यापारी भाई का उत्पीड़न अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान अब केंद्रीय स्तर पर दिल्ली से कराया जाएगा, क्योंकि वहीं केंद्र सरकार और कैबिनेट कार्य करती है।बैठक में मौजूद व्यापारियों ने एकमत होकर केंद्रीय व्यापार मंडल के गठन के प्रस्ताव को पारित किया। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में एक विशाल जनसभा आयोजित कर संगठन की आगामी रणनीति तय की जाएगी और सभी व्यापारियों को इसकी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर विपुल कंसल, वरुण जैन, अरविंद गोयल, अतुल जैन, मयंक जैन, लोकेश गोयल, कन्हैया चावला, गुलशन खन्ना, संजीव अग्रवाल, अनिल मित्तल, पूर्व सेल टैक्स अधिकारी भीम सैनी, अरविंद डिसिल्वा, रमेश जिंदल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!