दो माह से वेतन न मिलने पर भड़के NHM संविदा कर्मी

 

* काली पट्टी बांधकर किया विरोध प्रदर्शन, 21 मई से पूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कांधला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश NHM संगठन के आह्वान पर संविदा कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर ड्यूटी की और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारी कर्मियों का कहना है कि लगातार दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है और कई कर्मचारियों को कर्ज लेने तक की नौबत आ गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया गया और नियमितीकरण की मांग पर विचार नहीं हुआ, तो 21 मई 2026 से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

संविदा कर्मचारी तोहिद ने बताया कि वेतन न मिलने से राशन, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और अन्य जरूरी घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि लगातार समस्याओं के बावजूद विभाग उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।

इस प्रदर्शन में डॉ. स्वाति गुप्ता, श्रीमती चीनू, श्रीमती अंजू, डॉ. विवेक, तोहिद सहित कई संविदा कर्मी शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार और विभागीय अधिकारियों से जल्द वेतन जारी करने तथा संविदा कर्मियों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

मामले में चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि NHM संविदा कर्मियों का दो माह का वेतन लंबित है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी इसी मुद्दे को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया गया, तो इसका सीधा असर आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!