उधारी के पैसे मांगना पड़ा महंगा, तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

 

* कांधला में सनसनी: बीच-बचाव करने आई मासूम भांजी भी नहीं बची, हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान में उधार दिए गए 10 हजार रुपये वापस मांगना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि रुपये मांगने से नाराज तीन लोग धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और महिला समेत उसकी बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आई नाबालिग बच्ची भी हमले की चपेट में आ गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

मोहल्ला शेखजादगान निवासी नईम पुत्र सलीम ने थाना कांधला में दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन नाजमा पत्नी कलीम ने नई बस्ती सलेमपुर रोड निवासी साजिद उर्फ बादी और वाजिद पुत्र अख्तर को 10 हजार रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी आगबबूला हो गए।

आरोप है कि रुपये मांगने पर साजिद उर्फ बादी और वाजिद ने पहले कलीम के साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। मामला यहीं नहीं रुका। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ देर बाद साजिद उर्फ बादी, वाजिद और साहिल पुत्र वाजिद धारदार हथियार लेकर दोबारा घर में घुस आए और नाजमा व कलीम पर हमला बोल दिया।

हमले के दौरान घर में चीख-पुकार मच गई। आरोपियों ने महिला पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। अपनी मां को बचाने के लिए बीच में आई नाबालिग भांजी फलकसा पर भी हमला कर दिया गया, जिससे उसकी नाक पर गंभीर चोट आई।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल मां-बेटी को तत्काल कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। थाना कांधला पुलिस ने तहरीर के आधार पर साजिद उर्फ बादी, वाजिद और साहिल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!