
वार्ड 23 की बदहाल सड़कें बनीं सभासद के लिए मुसीबत
* विकास” के दावों की उखड़ी सड़क ने खोल दी पोल, वार्ड 23 की जनता बोली सिर्फ झूठे वादों का खेल!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के मोहल्ला मौलानान वार्ड नंबर 23 में विकास कार्यों के दावे अब लोगों के गले नहीं उतर रहे। वार्ड की टूटी और बदहाल सड़कें सभासद के विकास मॉडल की सच्चाई खुद ब खुद बयान कर रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि गलियों से निकलना तक दूभर हो गया है।
वार्ड में जगह-जगह सड़क उखड़ी पड़ी है, गहरे गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं और बरसात में हालात नरक जैसे बन जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सभासद केवल फोटो खिंचवाने और वाहवाही लूटने में लगे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर विकास नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही।
क्षेत्रवासियों ने तंज कसते हुए कहा कि “अगर यही विकास है, तो फिर बदहाली किसे कहते हैं?” लोगों का कहना है कि टूटी सड़कें अब जनता के सब्र का इम्तिहान लेने लगी हैं। बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चे रोजाना परेशानियों से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
लोगों का आरोप है कि वार्ड में विकास कार्यों के नाम पर सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंकी जा रही है। कई बार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत तक नहीं कराई गई। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वार्ड की बदहाल तस्वीर अब सभासद की कार्यशैली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर रही है।
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द टूटी सड़कों का निर्माण कराया जाए और विकास कार्यों की हकीकत की जांच कर जनता को जवाब दिया जाए।