
खराब वाटर कूलर हटाकर लगाया गया नया कूलर, लोगों ने जताई खुशी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के बिजली घर मार्ग पर लंबे समय से खराब पड़े वाटर कूलर को आखिरकार हटाकर नया आधुनिक वाटर कूलर स्थापित कर दिया गया। भीषण गर्मी के बीच नए कूलर के लगने से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के इस कदम की सराहना की।
बताया जा रहा है कि बिजली घर मार्ग पर लगा पुराना वाटर कूलर करीब एक महीने से खराब पड़ा हुआ था। तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था। खासकर राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और रेहड़ी-पटरी लगाने वाले दुकानदारों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद आखिरकार नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और खराब कूलर को हटाकर उसकी जगह नया वाटर कूलर स्थापित करा दिया गया।
नए वाटर कूलर के शुरू होते ही लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। वार्ड नंबर 7 के सभासद वकील अहमद ने मौके पर मौजूद लोगों में लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। इतना ही नहीं, उन्होंने बच्चों को 10-10 रुपये देकर उनका उत्साह भी बढ़ाया। क्षेत्रवासियों ने सभासद के इस व्यवहार की जमकर सराहना की।
सभासद वकील अहमद ने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि खराब पड़े वाटर कूलर को बदलवाने के लिए लगातार नगर पालिका प्रशासन से मांग की जा रही थी, जिसके बाद यह कार्य पूरा कराया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने बताया कि वार्ड में काफी समय से वाटर कूलर खराब होने की शिकायत मिल रही थी। सभासद द्वारा लगातार नया कूलर लगाने की मांग की जा रही थी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए नया वाटर कूलर स्थापित कराया गया है। उन्होंने कहा कि नगर की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
नए वाटर कूलर के लगने से अब राहगीरों और स्थानीय लोगों को ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। भीषण गर्मी में यह सुविधा लोगों के लिए किसी राहत से कम नहीं मानी जा रही।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम, सभासद वकील अहमद, सुरेश कश्यप, नदीम कसार, यासीन सैफी, हफीज सैफी, अंसार अंसारी, हारून राणा, इरफान डक वाला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।