डीएम के औचक निरीक्षण से नगर पालिका में मचा हड़कंप

 

* रिकॉर्ड व्यवस्था, सफाई और जनसुविधाओं पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। शामली जिलाधिकारी आलोक कुमार यादव ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद कांधला का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की हकीकत परखी। डीएम के अचानक पालिका पहुंचते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी फाइलें संभालते और व्यवस्थाएं दुरुस्त करते नजर आए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने रिकॉर्ड व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं में मिली खामियों पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।पालिका कार्यालय पहुंचने पर अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा, पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम और सभासदों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। इसके बाद डीएम सीधे विभिन्न शाखाओं और अभिलेख कक्षों में पहुंचे, जहां उन्होंने फाइलों और सरकारी रिकॉर्ड की गहन जांच की। कई अभिलेख अव्यवस्थित मिलने और रखरखाव में लापरवाही दिखाई देने पर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी कामकाज में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि नगरवासियों को मिलने वाली कई सरकारी सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी कार्यालय में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं की गई थी। इस पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि सभी योजनाओं, प्रमाण पत्रों, कर संबंधी सेवाओं और अन्य कार्यों की जानकारी चार्ट बोर्ड पर बड़े अक्षरों में लिखकर सार्वजनिक की जाए। साथ ही प्रत्येक कार्य की समय सीमा भी अंकित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।डीएम ने नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून नजदीक है, ऐसे में नालों की समय से सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव जैसी समस्या पैदा न हो। इसके अलावा बिजली घर मार्ग पर आम लोगों की सुविधा के लिए वाटर कूलर लगाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी के सख्त रवैये और औचक निरीक्षण के बाद पूरे नगर पालिका परिसर में दिनभर हड़कंप का माहौल बना रहा। कर्मचारियों में कार्रवाई का डर साफ दिखाई दिया। वहीं नगरवासियों ने डीएम की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे नगर की व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!