तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार दंपति गंभीर घायल

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला थाना क्षेत्र के एलम बाईपास पर गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात कार ने स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपति सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार शामली निवासी नीरज पाल अपनी पत्नी रितु के साथ बागपत से दवाइयों की मार्केटिंग कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह एलम बाईपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट कमल कुमार ने घायलों को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद रितु की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि नीरज पाल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!