बिजली कटौती से परेशान किसानों ने बिजलीघर पर डाला डेरा

 

“शेड्यूल के हिसाब से दो बिजली, नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन”…

एसडीओ और जेई ने किसानों को दिया जल्द समाधान का आश्वासन…

 

सादिक सिद्दीक़ी शाह बुलेटिन.

 

कांधला। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं को लेकर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों और ग्रामीणों ने नाला बिजलीघर पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बिजली की आंख-मिचौली और अनियमित सप्लाई से नाराज किसानों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।धरने के दौरान किसानों ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में लगातार बिजली कटौती से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। गांवों में घंटों बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा रहा है, वहीं किसानों की फसलें सिंचाई के अभाव में प्रभावित हो रही हैं। किसानों का कहना था कि विभाग द्वारा घोषित शेड्यूल के अनुसार भी बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।भाकियू नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। दिन और रात में कई-कई घंटे बिजली काटी जा रही है, जबकि शिकायत करने पर भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकल रहा। किसानों ने मांग की कि गांवों में निर्धारित समय के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसान सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

धरना-प्रदर्शन की सूचना पर एसडीओ कांधला और जेई मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल धरना समाप्त कर दिया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष ब्रह्मपाल नाला, जिला उपाध्यक्ष पप्पू पवार भारसी, युवा तहसील अध्यक्ष रानू पवार, पुष्पेंद्र मान, बबलू पवार, सुमित पवार समेत सैकड़ों किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!