
रफ्तार ने मचाई तबाही: पीछे से मारी ऐसी टक्कर कि उड़ गई बाइक
* रफ्तार का खूनी तांडव: मजदूरी कर लौट रहे गरीब पिता को फॉर्च्यूनर ने रौंदा, इतनी भीषण टक्कर कि बाइक हवा में उड़ी और टांग हुई अलग

कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शनिवार रात हुआ दर्दनाक सड़क हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने मजदूरी कर अपने घर लौट रहे दो गरीब युवकों की बाइक को पीछे से इतनी भयानक टक्कर मारी कि बाइक हवा में उछलकर कई फीट दूर जा गिरी। हादसे में एक युवक की टांग शरीर से अलग हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार, अफरा-तफरी और खून से सनी तस्वीरें देखकर लोगों की रूह कांप उठी। आरोपी चालक घटना के बाद कार समेत मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर बाहर निकल आए। सड़क पर घायल पड़े युवकों को देखकर हर कोई सन्न रह गया। मौके पर कुछ देर के लिए जाम जैसे हालात बन गए और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार कैराना क्षेत्र के गांव जहांनपुरा निवासी कौशल अपने साथी मिश्रा के साथ गांव किवाना से सरसों की तुड़ाई की मजदूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। दोनों युवक देर शाम कांधला कस्बे के दिल्ली बस अड्डा चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आई बेकाबू फॉर्च्यूनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक हवा में उछलकर दूर जा गिरी और दोनों युवक सड़क पर जा पड़े।
हादसे में कौशल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक टांग कट गई। सड़क पर चारों तरफ खून फैल गया और घायल दर्द से तड़पता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल कौशल के परिजनों ने बताया कि वह बेहद गरीब परिवार से है और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो मासूम बेटियां और एक छोटा बेटा शामिल है। करीब 10 वर्ष पहले उसके पिता की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर आ गई थी। वह दिन-रात मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पाल रहा था, लेकिन एक पल में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की जिंदगी बदलकर रख दी।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे, जहां घायल को देखकर महिलाओं की चीखें निकल पड़ीं। अस्पताल में देर रात तक रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
उधर पुलिस अब फरार फॉर्च्यूनर चालक की तलाश में जुट गई है। बस अड्डा चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि फरार फॉर्च्यूनर चालक की तलाश की जा रही है। बस अड्डा चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।