
तपती सड़कों पर पानी की बौछार, लोगों ने ली राहत की सांस
* कांधला नगर पालिका की एंटी स्मॉग गन सड़कों पर उतरी, पानी के छिड़काव से लोगों को मिली राहत
कांधला। भीषण गर्मी, लू के थपेड़ों और आग उगलती धूप से बेहाल लोगों को राहत पहुंचाने के लिए रविवार को कांधला नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। दोपहर के समय जब तापमान अपने चरम पर पहुंच गया और बाजारों से लेकर मुख्य सड़कें तक तपने लगीं, तब नगर पालिका की एंटी स्मॉग गन सड़कों पर उतारी गई।
नगर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़े पैमाने पर पानी का छिड़काव कराया गया। एंटी स्मॉग गन से निकलती ठंडी पानी की फुहारों ने कुछ ही देर में तपती सड़कों को ठंडा कर दिया, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
दोपहर होते-होते नगर की कई सड़कें सूनी दिखाई देने लगी थीं। जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोग भी तेज गर्म हवाओं और लू से परेशान नजर आए। ऐसे हालात में नगर पालिका द्वारा चलाया गया यह राहत अभियान आमजन के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।
पानी के छिड़काव के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से उड़ती धूल और प्रदूषण पर भी काफी हद तक नियंत्रण देखने को मिला। बाजारों में मौजूद लोगों का कहना था कि तेज गर्मी के बीच नगर पालिका की यह पहल किसी ठंडी हवा से कम नहीं लगी।
नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को गर्मी से राहत देना ही नहीं, बल्कि वातावरण में नमी बढ़ाकर धूल और प्रदूषण को भी कम करना है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रखा