दो अलग-अलग हादसों से हाईवे पर मची अफरा-तफरी

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला थाना क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना क्षेत्र के गांव जसाला के पास दिल्ली-सहारनपुर रोड पर हुई। जनपद बागपत के गांव गुराना निवासी विजय कुमार अपने भांजे के निधन पर शामली में शोक संवेदना व्यक्त करने आए थे। वापस लौटते समय उनकी बाइक की सामने से आ रहे ई-रिक्शा से भिड़ंत हो गई। हादसे में विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

दूसरी घटना एलम बाईपास मार्ग पर हुई। बागपत जनपद के गांव पुट्ठी धनौरा निवासी यशवीर कैंटर लेकर शामली जा रहा था। रास्ते में कैंटर का टायर पंचर हो गया। यशवीर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर बदल रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी मामले में थाने पर तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।

error: Content is protected !!