एचआरपी डे पर गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

 

* एचआरपी डे पर गर्भवती महिलाओं की हुई विशेष जांच, सुरक्षित प्रसव को किया जागरूक

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

 

कांधला, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं जांच और परामर्श के लिए पहुंचीं, जहां उनकी स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत जांच की गई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित एचआरपी डे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन स्तर, वजन सहित अन्य आवश्यक जांचें कीं। जांच के बाद महिलाओं को आवश्यक दवाइयाँ भी वितरित की गईं।

अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिन महिलाओं में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की संभावना पाई गई, उन्हें विशेष निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और सही देखभाल से जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इस दौरान चिकित्सकों ने महिलाओं को संतुलित आहार लेने, समय-समय पर जांच कराने और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया। डॉ. सिंह ने बताया कि एचआरपी डे का मुख्य उद्देश्य हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।

error: Content is protected !!