
“कूड़े के ढेरों के बीच सब्जियों का कारोबार, जिम्मेदार बेखबर!”
* 15 दिन से नहीं हुई ढंग की सफाई, मंडी में फैली सड़ी सब्जियों और कूड़े की दुर्गंध व्यापारियों का फूटा गुस्सा “शिकायतें बहुत हुईं, अब कार्रवाई चाहिए!”
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कैराना मार्ग स्थित बड़ी सब्जी मंडी में इन दिनों गंदगी का ऐसा आलम है कि मंडी परिसर किसी बाजार से ज्यादा कूड़ाघर नजर आने लगा है। जगह-जगह पड़े कूड़े के ढेर, सड़ती सब्जियां और उठती बदबू ने व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी परेशान कर रखा है। व्यापारियों का आरोप है कि सफाई ठेकेदार की लापरवाही के चलते मंडी की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।व्यापारियों के मुताबिक पिछले करीब 15 दिनों से मंडी में नियमित सफाई नहीं हो रही। सुबह होते ही मंडी में गंदगी और बदबू का माहौल बन जाता है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों को भी अब मंडी में खड़े होना मुश्किल लगने लगा है। कई ग्राहक बदबू और गंदगी देखकर बिना खरीदारी किए ही वापस लौट रहे हैं।
मंडी व्यापारी दिलशाद ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और सफाई ठेकेदार से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी में रोजाना हजारों लोग आते हैं, ऐसे में गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
व्यापारी नवाब ने कहा कि मंडी की बदहाल सफाई व्यवस्था का असर अब कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि ग्राहक कम आने लगे हैं और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। व्यापारियों ने मांग की है कि मंडी में तुरंत विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि मंडी व्यापारियों से टैक्स और शुल्क तो समय पर लिया जाता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर सिर्फ लापरवाही मिल रही है।
*इन्होने कहा*
वहीं सफाई ठेकेदार सहारनपुर निवासी संदीप चौधरी ने कहा कि मंडी में फैली गंदगी को लेकर जल्द विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सफाई व्यवस्था में सुधार कर व्यापारियों और ग्राहकों को राहत दी जाएगी।