“झाड़ू लगाने से किया इनकार तो महिला पर टूटा कहर, डंडे से सिर फोड़ा!”

 

* गांव गंगेरू में मामूली बात पर मारपीट, घायल महिला जिला अस्पताल रेफर पीड़ित पक्ष ने तीन लोगों पर लगाया हमला करने का आरोप

*

सादिक सिद्दीक़ी .

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में झाड़ू लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि महिला द्वारा झाड़ू लगाने से मना करने पर दबंगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना में महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना गांव गंगेरू के मोहल्ला राजो वाले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पीड़िता नुसरत अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान गांव के तीन लोग वहां पहुंचे और उससे अपने घर के बाहर भी झाड़ू लगाने के लिए कहने लगे। जब नुसरत ने ऐसा करने से इनकार किया तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि दबंगों ने डंडे से महिला के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्र हो गए। परिजनों ने घायल महिला को तुरंत कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना को लेकर पीड़ित पक्ष में भारी रोष है। परिजनों ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मामूली बात पर महिला के साथ की गई मारपीट बेहद शर्मनाक है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत मिल गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!