“ममता हुई शर्मसार! छोटी नहर में तैरता मिला नवजात का शव, फैली सनसनी”

 

* नहर में नहा रहे युवकों की चीख से मचा हड़कंप, मासूम को जंगल में दफनाकर लौटे लोग

*

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे कस्बे को झकझोर कर रख दिया। कस्बे की छोटी नहर में एक नवजात शिशु का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में नहा रहे युवकों की नजर जैसे ही पानी में बह रहे नवजात पर पड़ी, वहां मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक रोजाना की तरह नहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पानी में कोई वस्तु बहती दिखाई दी। पहले लोगों ने उसे कपड़ा समझा, लेकिन जब पास जाकर देखा तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। पानी में एक नवजात शिशु का शव तैर रहा था। यह मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। कई महिलाएं और बुजुर्ग यह दृश्य देखकर भावुक हो उठे।

घटना की खबर कुछ ही देर में पूरे कस्बे में जंगल की आग की तरह फैल गई। नहर किनारे लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल था आखिर वह कौन बेरहम इंसान है जिसने जन्म लेते ही मासूम को मौत के हवाले कर दिया? स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसे लोकलाज से जोड़ रहा था तो कोई इसे इंसानियत पर सबसे बड़ा दाग बता रहा था।मौके पर मौजूद युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद नवजात के शव को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों और युवकों ने मानवता का परिचय देते हुए मासूम के शव को पास के जंगल में ले जाकर दफना दिया। घटना के दौरान माहौल बेहद गमगीन बना रहा।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं दी गई। लोगों ने अपने स्तर पर ही नवजात को दफना दिया। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं मिली है। यदि सूचना मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

*“नवजात की मौत या समाज के डर की कहानी?”*

यह दर्दनाक घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर समाज के डर और बदनामी के भय में कब तक मासूमों की जिंदगी यूं ही खत्म होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!